पाकिस्तानी फिल्म 'खुदा के लिए' के भारत में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक दूरियाँ कम होने होने का मार्ग खुल गया है। यह मानना है फिल्म के निर्देशक शोएब मंसूर का। उनका इरादा अब दोनों देशों के साझा इतिहास पर एक फिल्म बनाने का है।
अपनी पहली फिल्म के प्रमोशन के सिलसिले में भारत आए मंसूर ने कहा कि मैं दोनों देशों के इतिहास पर फिल्म बनाना चाहूँगा। उनकी यह फिल्म पिछले 40 साल में भारत में धूम मचाने वाली पहली पाकिस्तानी फिल्म है।
पाकिस्तान में प्रदर्शित होने वाली मंसूर की इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड बनाए हैं। कट्टरवाद और 11 सितंबर 2001 को अमेरिका पर आतंकवादी हमले की घटना के बाद संघर्ष के बीच मुस्लिमों के संवेदनशील चित्रण से इस फिल्म ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है।
पाकिस्तानी मनोरंजन जगत में मंसूर का नाम 30 साल से जाना माना है। उन्होंने कहा कि उनकी यह फिल्म इस्लाम के बारे में इस्लामिक कट्टरपंथियों और दुनिया द्वारा किए गए गलत आकलन के कारण उनके गुस्से की पराकाष्ठा है। मंसूर ने बताया कि मैं फिल्म निर्माण में बहुत देरी से आया हूँ और बहुत कुछ करना चाहता हूँ।
मंसूर कुछ भारतीय फिल्मों में पाकिस्तान के नकारात्मक चित्रण पर दुख जताते हैं और कहते हैं कि इससे नफरत बढ़ती है। उनके मुताबिक फिल्मों को दूरियाँ बढ़ाने की बजाए उनको पाटना चाहिए
मंसूर के मुताबिक फिल्म के जरिये उन्होंने इस्लाम के आत्मदर्शन, कट्टरवाद महिला अधिकार और 11 सितंबर की वर्ल्ड ट्रेड सेंटर की घटना के बाद पश्चिम के मुस्लिमों के प्रति नजरिये को दिखाने की कोशिश की है।
उन्होंने कहा कि फिल्म में मंसूर नाम का पात्र मेरे ही विचारों को प्रदर्शित कर रहा है, इसलिए मैंने यह नाम दिया है। बॉलीवुड के बारे में मंसूर का कहना है कि हाल ही में उन्होंने दो ही बॉलीवुड फिल्में देखी हैं- 'लगान' और 'जोधा अकबर'। उन्होंने लगान की तारीफ की लेकिन जोधा अकबर से वह संतुष्ट नहीं दिखे।
हाल ही में फिल्म क्रेजी-4 में धुनों की नकल के विवाद पर मंसूर ने कहा कि पाकिस्तान में लोग बॉलीवुड के सभी गानों को जानते हैं, इसलिए पाकिस्तानी संगीतकार इनकी नकल नहीं कर सकते। लेकिन भारत के दर्शक पाकिस्तानी संगीत के बारे में ज्यादा नहीं जानते इसलिए बॉलीवुड के कुछ संगीतकार इसका फायदा उठाते हैं। भारत में पाकिस्तानी गायकों के प्रदर्शन से खुश मंसूर कहते हैं कि पाकिस्तानी अभिनेताओं को यहाँ छोटी भूमिका दी जाती है।
|