भारत ने गुरुवार को चीन से कहा कि वह देश में तिब्बतियों द्वारा किए जा रहे प्रदर्शनों को नहीं रोकेगा, लेकिन साथ ही यह आश्वासन भी दिया कि प्रदर्शनकारियों को कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
चीन से यह भी कहा गया है कि भारत में ओलिंपिक मशाल रिले की सुरक्षा उसकी जिम्मेदारी है और सरकार इसका पूरा ध्यान रखेगी।
उच्च पदस्थ सूत्रों ने यहाँ बताया कि हमने चीन को बताया है कि भारत लोकतांत्रिक देश है और लोगों को यहाँ प्रदर्शन करने का अधिकार है। इस तरह के प्रदर्शन (तिब्बतियों द्वारा) रोके नहीं जा सकते।
हालाँकि सूत्रों ने जोर देकर कहा कि प्रदर्शनकारियों को कानून नहीं तोड़ने दिया जाएगा। ओलिंपिक मशाल की सुरक्षा के बारे में सूत्रों ने कहा कि यह भारत सरकार की जिम्मेदारी है।
|