ओलिंपिक मशाल रिले का अमेरिकी चरण आज अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच लुकाछिपी के खेल में बदल गया।
ऐन मौके पर रिले का रास्ता बदलकर छोटा कर दिया गया और भारी सुरक्षा के बीच मशाल को भीतरी रास्तों से ले जाया गया। इसके अलावा मशाल को पारंपरिक विदाई भी नहीं दी गई। चीन के विरोधी और समर्थक प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प की आशंकाओं के मद्देनजर शहर के अधिकारी रिले के दस किलोमीटर के रास्ते पर भारी तादाद में तैनात थे। मशाल सीधे सेन फ्रांसिस्को हवाई अड्डे ले जाई गई।
मशाल आधिकारिक समापन समारोह के बिना विमान में पहुँचा दिया गया। पत्रकारों और अधिकांश सुरक्षाकर्मियों को भी मशाल रिले के बदले रास्ते के बारे में जानकारी नहीं दी गई।
इससे दूर दराज से मशाल की अगवानी के लिए पहुँचे चीनी, अमेरिकियों और आम जनता को निराशा हुई। लेकिन इससे पेरिस और लंदन जैसे हालात पैदा होने से बच गए। प्रदर्शनकारियों से बचने के लिए मशाल को आम जनता के बीच विदाई भी नहीं दी गई।
मशाल को मैककोवे कोव पर प्रज्जवलित किया गया। चीनी सुरक्षाकर्मियों और अमेरिकी पुलिस से मशाल थामने वाला पहला धावक उसे लेकर गोदाम में चला गया और काफी समय तक नहीं आया।
मीडिया और दर्शक हैरान रह गए थे। मशाल आधे घंटे तक भीतर रही जिसके बाद उसे भारी सुरक्षा के बीच एक वैन में दो किलोमीटर तक विपरीत दिशा में ले जाया गया।
|