पाकिस्तान में नई सरकार के गठन के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच विदेशमंत्री स्तर की बातचीत 20 मई से दोबारा शुरू होने जा रही है।
सूत्रों के अनुसार विदेश सचिव शिवशंकर मेनन इस्लामाबाद जाएँगे और पाक विदेश सचिव रियाज मोहम्मद खान से बातचीत करेंगे। इसके अगले दिन भारतीय विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी पाक विदेशमंत्री शाह मेहमूद कुरैशी से बातचीत की प्रगति पर चर्चा करेंगे।
उल्लेखनीय है कि 2004 से शुरू दोनों देशों की बातचीत में अच्छी प्रगति हुई थी, लेकिन गत वर्ष पाकिस्तान के अंदरूनी हालात ठीक नहीं होने के कारण वार्ता का दौर ठहर-सा गया था।
दोनों देशों के बीच अंतिम बातचीत पिछले साल अक्टूबर में हुई थी। आगामी बैठक में कुल आठ मुद्दों पर बातचीत होगी और इसमें अगली बातचीत की तारीख भी तय होगी।
|