प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने कहा कि सरकार बढ़ती महँगाई से चिंतित है। उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति नियंत्रित करने के लिए और कदम उठाए जा सकते हैं और इसका असर आगामी सप्ताहों में नजर आने की संभावना है।
प्रधानमंत्री ने मुद्रास्फीति बढ़ने की वजह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुछ वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी बताते हुए कहा कि सरकार बढ़ती कीमतों को रोकने के लिए पहले ही कदम उठा चुकी है।
प्रधानमंत्री ने नए मंत्रियों को शपथ दिलाने के लिए राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह के दौरान बताया कि हम सभी चिंतित हैं। मंत्रिमंडल की कीमतों संबंधी समिति ने बैठक कर कुछ फैसले किए हैं और जो कुछ भी किया सकता है, वह किया जाएगा। यह पूछे जाने पर कि मुद्रास्फीति कब तक नियंत्रित हो जाएगी, प्रधानमंत्री ने कहा कि मैं ईमानदारी से कह सकता हूँ कि इसकी कोई समय सीमा नहीं है। कुछ हफ्तों में इसके कम होने की संभावना है।
इस अवसर पर मौजूद कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने कहा कि सरकार मुद्रास्फीति को नियंत्रित करने के लिए कदम उठा रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि खाद्यान्नों और पेट्रोलियम उत्पादों की दुनियाभर में कीमतों में बढ़ोतरी के चलते मुद्रास्फीति बढ़ रही है।
|