सेहत के कद्रदानों के लिए एक अच्छी खबर है कि योग गुरु बाबा रामदेव स्वदेशी और सस्ते में सेहत के गुरुमंत्र के साथ जल्द ही बाजार में लौकी, खीरा, करेला, जामुन और गेहूँ के जवारे का जूस उतारने की तैयारी में हैं। इस वर्ष के अंत तक यह उत्पाद बाजार में आ जाने की संभावना है।
पतंजलि योग पीठ के मुख्य आयुर्वेदाचार्य तथा बाबा रामदेव के निकट सहयोगी आचार्य बालकिशन के अनुसार बाबा रामदेव का यह सपना है कि ये उत्पाद भारत को स्वस्थ व समृद्ध बनाने के ध्येय से भारतीयों को परोसे जाएँगे। उन्होंने कहा कि बहुराष्ट्रीय कंपनियों ने स्वास्थ्य को चौपट करने वाले जूस और शीतल पेय का जो माया जाल बिछाया है, उम्मीद है कि उसके सम्मुख भारतीयों विशेष तौर पर युवा पीढी़ को स्वास्थ्यवर्द्धक, स्वदेशी, सस्ते तथा घर की मिट्टी के सौंधे जायके के पेय पीने का विकल्प मिल सकेगा, जो न केवल पूरी तरह से स्वास्थ्यवर्द्धक होंगे, बल्कि ऐसे खाद्य उत्पाद उगाकर देश का किसान भी खुशहाल होगा जिससे स्वस्थ और समृद्ध भारत का सपना साकार होगा।
आचार्य बालकिशन ने बताया कि योगपीठ फिलहाल आँवला व ग्वारपाठा के जूस अपने सेवा केंद्रों के माध्यम से बेच रहा है, जो कि बहुत लोकप्रिय हो रहे हैं, उसी को देखते हुए हेल्थ ड्रिंक्स की यह नई श्रृंखला बढा़ए जाने का प्रस्ताव है। इन उत्पादों को अत्याधुनिक, वैज्ञानिक व स्वच्छ तरीके से पैक करने के लिए स्पेन से मशीनें भी आयात की जा रही हैं।
|