हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत्सर के अवसर पर प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने अपनी चुनावी टीम का गठन करते हुए मंत्रिपरिषद से छह मंत्रियों को हटाया और एमएस गिल, ज्योतिरादित्य सिंधिया एवं जितिन प्रसाद सहित समेत सात नए चेहरों को शामिल किया।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने अपने कार्यकाल के दौरान पहली बार नए मंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। आज शपथ लेने वाले मंत्रियों में छह कांग्रेस के हैं और एक राजद का है। इनमें से केवल एक पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त एमएस गिल को स्वतंत्र प्रभार का राज्यमंत्री बनाया गया है, जबकि शेष छह राज्यमंत्री हैं।
चुनाव से पहले कैबिनेट को युवा रूप देने के प्रयास में कांग्रेस के दो पूर्व दिग्गज नेताओं माधवराव सिंधिया के पुत्र ज्योतिरादित्य सिंधिया और जितेन्द्र प्रसाद के पुत्र जितिन प्रसाद को शामिल किया गया। इनके अलावा कांग्रेस से ही वी. नारायणसामी, संतोष बगरोडिया, डॉ. रामेश्वर उराँव को मंत्रिमंडल में जगह दी गई। राजद के रघुनाथ झा को भी आखिर राज्यमंत्री के रूप में मंत्रिपरिषद में स्थान मिल गया।
इससे पूर्व आज सुबह सुरेश पचौरी, दासरी नारायण राव, एमवी राजशेखरन, टी. सुब्बारामी रेड्डी, अखिलेश दास और माणिकराव गावित ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा देकर मंत्रिपरिषद के पुनर्गठन का रास्ता साफ कर दिया था।
नए मंत्रियों के विभाग- 1. मनोहरसिंह गिल (राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार), युवा मामले एवं खेल 2. वी. नारायण सामी (राज्यमंत्री), संसदीय मामले एवं योजना 3. संतोष बागड़ोदिया (राज्यमंत्री), कोयला 4. रघुनाथ झा (राज्यमंत्री), भारी उद्योग एवं सार्वजनिक उपक्रम 5. रामेश्वर उराँव (राज्यमंत्री), आदिवासी मामले 6. ज्योतिरादित्य सिंधिया (राज्यमंत्री), संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी 7. जितिन प्रसाद (राज्यमंत्री), इस्पात
मंत्री, जिनके विभागों में फेरबदल हुआ- 1. व्यालार रवि (कैबिनेट मंत्री), प्रवासी भारतीय और संसदीय मामले 2. प्रियरंजन दासमुंशी (कैबिनेट मंत्री), सूचना एवं प्रसारण 3 . मणिशंकर अय्यर (कैबिनेट मंत्री), पंचायती राज एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास 4. बीके हांडिक (राज्यमंत्री), रसायन एवं उर्वरक तथा खान मंत्री 5. शकील अहमद (राज्यमंत्री), गृह 6 . पृथ्वीराज चव्हाण (राज्यमंत्री), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक एवं जन शिकायतें और पेंशन 7. कांतिसिंह (राज्यमंत्री), पर्यटन एवं संस्कृति 8. पवन कुमार बंसल (राज्यमंत्री), वित्त एवं संसदीय मामले 9. जयराम रमेश (राज्यमंत्री), वाणिज्य एवं ऊर्जा।
|