संप्रग सरकार द्वारा किसानों की ऋण माफी के लिए 60 हजार करोड़ रुपए के पैकेज की घोषणा की आलोचनाओं को खारिज करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने शनिवार को कहा कि योजना को इस साल 30 जून तक लागू कर दिया जाएगा।
सोनिया ने यहाँ किसानों की रैली को संबोधित करते हुए कहा कि लघु और मझौले किसानों का ऋण पूरी तरह माफ किया जाएगा और इस योजना को 30 जून से पहले लागू कर दिया जाएगा।
सोनिया ने यह रैली वित्तमंत्री पी. चिदंबरम के संसदीय चुनाव क्षेत्र में संबोधित की, जिन्होंने इस साल के बजट में किसानों के ऋण माफी की घोषणा की है।
सोनिया ने कहा कि कांग्रेस किसानों की ऋण माफी योजना की आलोचना से चिंतित नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी किसानों के लिए काम करना जारी रखेगी। सरकार ने किसानों की ऋण माफी की घोषणा इसलिए की क्योंकि यह कर्ज की समस्या के बारे में चिंतित थी।
राजग की आलोचना करते हुए सोनिया ने कहा कि राजग ने किसानों के लिए क्या किया। मनमोहनसिंह सरकार को क्लीन चिट देते हुए उन्होंने कहा कि राजग शासन की अपेक्षा मौजूदा सरकार ने शिक्षा गरीबी उन्मूलन और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अधिक धन खर्च किया है। (भाषा)
|