भाजपा कर्नाटक विधानसभा के आगामी चुनावों में जनता दल (यू) के साथ मैदान में उतरेगी। भाजपा के शीर्ष सूत्रों ने स्पष्ट किया कि जद (यू) के साथ पार्टी का गठबंधन होगा, लेकिन सामंजस्य का अंतिम ब्यौरा अभी तय किया जाना बाकी है।
गौरतलब है कि पार्टी की राज्य इकाई जद (यू) सहित किसी भी पार्टी से सहयोग करने के पक्ष में नहीं थी, क्योंकि वह अपनी सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए अपने बल पर चुनाव लड़ना चाहती थी।
दूसरी और पार्टी के केन्द्रीय नेतृत्व का मानना है कि वह बिहार में गठबंधन के साझीदार और राजग के प्रमुख घटक जद (यू) का साथ नहीं छोड़ सकती।
पिछली बार भाजपा ने जदयू के साथ गठबंधन और अन्नाद्रमुक के साथ समझ बनाई थी जिसके नतीजतन जदयू को पाँच और अन्नाद्रमुक को दो सीटों पर जीत हासिल हुई, जबकि जदयू ने 25 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
|