कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी के शनिवार को होने वाले तमिलनाडु के शिवगंगा जिले के करायकुड़ी दौरे के मद्देनजर राज्य के दक्षिणी जिलों में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। श्रीमती गाँधी करायकुड़ी में केन्द्रीय वित्तमंत्री पी चिदंबरम द्वारा अपने पिता की स्मृति में बनवाए गए ऑडिटोरियम का उद्घाटन करने के बाद किसानों की एक रैली को संबोधित करेंगी।
दक्षिण तमिलनाडु रेंज के पुलिस महानिरीक्षक संजीव कुमार ने आज यहाँ बताया कि सशस्त्र जवानों सहित लगभग 800 पुलिसकर्मी करायकुड़ी कस्बे में तैनात किए गए हैं। कुमार स्वयं सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि श्रीमती गाँधी के दौरे के मद्देनजर सशस्त्र जवान सभी महत्वपूर्ण जगहों पर तैनात कर दिए गए हैं। करायकुड़ी के सभी प्रवेश और निकास मार्ग पुलिस नियंत्रण में ले लिए गए हैं और रात्रि गश्त के दौरान वाहनों की जाँच तेज कर दी गई है।
नेताओं के लिए बनाए गए मंच और उसके निकट भी कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।
|