ज्योतिष व द्वारिका शारदा पीठाधीश्वर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती ने केन्द्र सरकार से तत्काल रामसेतु योजना बंद करने का आग्रह किया है।
अपने केदारघाट स्थित मठ में कल शाम एक समारोह में बोलते हुए उन्होंने कहा कि भगवान राम ने रामसेतु का निर्माण नारी शक्ति के उत्थान के लिए किया था। इसलिए नारियों को चाहिए कि वे रामसेतु की रक्षा के लिए आगे आएँ। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने भी राम के नाम पर सिर्फ राजनीति ही की।
काशी विश्वनाथ मंदिर के ताड़केश्वर मंदिर में सरकार द्वारा चलाए जा रहे जीर्णोद्धार कार्यक्रम के बारे में उन्होंने कहा कि यदि न्यासियों की सहमति लिए बगैर परम्परा के विपरीत आपत्तिजनक कार्य हुए तो जिम्मेदार लोगों को दंडित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मंदिर में मूर्ति उसकी आत्मा एवं मंदिर उसका शरीर होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी मंदिर का जीर्णोद्धार करना अच्छी बात है, लेकिन इस कारण आस्थावानों के पूजापाठ में व्यवधान डालने की छूट सरकार को नहीं है।
|