राजधानी में सिमी की गतिविधियों की जानकारी हासिल करने के लिए दिल्ली पुलिस एक सप्ताह पहले इंदौर में गिरफ्तार प्रतिबंधित संगठन स्टूडेंट्स इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के महासचिव सफदर नागौरी की हिरासत की माँग करेगी।
दिल्ली पुलिस का विशेष प्रकोष्ठ सिमी के महासचिव सफदर नागौरी की हिरासत पाने के लिए एक पखवाड़े के भीतर इन्दौर की अदालत का द्वार खटखटाएगी। नागोरी सात साल पहले दिल्ली पुलिस के जाल से भागने में कामयाब रहा था।
संयुक्त पुलिस आयुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) करनैलसिंह ने बताया कि हमने नागौरी की हिरासत की माँग करने का फैसला किया है और जल्दी ही इस सिलसिले में इंदौर की अदालत में आवेदन दिया जाएगा।
नागौरी समेत सिमी के शीर्ष 12 नेताओं को भारी संख्या में हथियारों के साथ 27 मार्च को इंदौर में गिरफ्तार किया गया था। नागौरी पर पर्चे छपवाकर मुसलमानों को सरकार के खिलाफ लड़ने के लिए उकसाने का आरोप है। विशेष प्रकोष्ठ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि नागौरी से मध्यप्रदेश पुलिस की पूछताछ पूरी हो जाने के बाद दिल्ली पुलिस इंदौर की अदालत में आवेदन देगी।
उन्होंने कहा कि हम अदालत से कम से कम 10 दिनों के लिए नागोरी को दिल्ली पुलिस की हिरासत में देने का अनुरोध करेंगे। अगले 20 दिनों में प्रक्रिया पूरी हो जाने की संभावना है। नागोरी के भाई कमरुद्दीन को भी उसके साथ गिरफ्तार किया गया है। नागौरी आंध्रप्रदेश में संगठन का कामकाज देख रहा था।
|