सरकार ने बुधवार को कहा कि सऊदी अरब में भारत के महावाणिज्य दूत औसफ सईद की वेबसाइट पर डाले गए विवादास्पद लेखक सलमान रश्दी की पुस्तकों की बिक्री के विज्ञापन के बारे में सच्चाई का पता लगाया जाएगा।
विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी ने वार्षिक हज सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद कहा कि हम तथ्यों का पता लगाएँगे। सम्मेलन में जैसे ही विदेशमंत्री ने अपना भाषण समाप्त किया एक प्रतिनिधि उस हिन्दी दैनिक की प्रति दिखाने लगा, जिसमें खबर छपी है कि महावाणिज्य दूत की निजी वेबसाइट पर रश्दी की पुस्तकों की ऑनलाइन बिक्री हो रही है।
इस पर सभागार में हंगामा खड़ा हो गया तथा अन्य प्रतिनिधि महावाणिज्य दूत के इस्तीफे की माँग करने लगे। बाद में सईद ने आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि न तो उन्हें विज्ञापन के बारे में जानकारी है और न ही उनका सलमान रशदी से कोई लेना-देना है। उन्होंने कहा कि यह सब वार्षिक हज सम्मेलन को बाधित करने की साजिश है।
सईद ने कहा कि वेबसाइट पर उनका कोई अंकुश नहीं है। कोई भी उनकी वेबसाइट पर उपलब्ध सामग्री को देख सकता है।
|