अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान को लेकर 'कौन बनेगा करोड़पति' जैसा सुपरहिट गेम-शो बना चुके सिद्धार्थ बसु का मानना है कि दोनों सितारों की तुलना बेमानी है और बतौर प्रस्तोता दोनों ही बेमिसाल हैं।
बसु ने ई-मेल पर दिए इंटरव्यू में कहा कि अमिताभ और शाहरुख दोनों शानदार प्रस्तोता हैं। दोनों की अपनी शैली है और दोनों में से किसी को उन्नीस नहीं कहा जा सकता।
शाहरुख के साथ स्टार प्लस पर नया शो 'क्या आप पाँचवीं पास से तेज हैं' लेकर आ रहे बसु एक अन्य चैनल के सलमान खान के साथ किए गए कथित करार को लेकर कतई चिंतित नहीं है। खबरों के अनुसार सोनी इंटरटेनमेंट चैनल ने सलमान को एक रियलिटी शो के प्रस्तोता के तौर पर करीब 89 करोड़ रुपए में अनुबंधित किया है। टीवी पर सलमान और शाहरुख के भावी टकराव के बारे में पूछने पर बसु ने कहा कि यह तो दर्शकों के लिए अच्छा है, जितने ज्यादा अच्छे शो आएँगे, दर्शकों का उतना ही अधिक मनोरंजन होगा।
उन्होंने बताया कि केबीसी की तर्ज पर ही ...पाँचवीं पास में भी नामचीन हस्तियों को बुलाया जाएगा। उन्होंने कहा कुछ खास चैरिटी शो की योजना है, लेकिन अभी अतिथियों के नाम तय नहीं किए गए हैं।
|