कांग्रेस के मुखपत्र और प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू द्वारा स्थापित अंग्रेजी दैनिक 'नेशनल हेराल्ड' छह दशक तक प्रकाशित होने के बाद कल से पाठकों को नहीं मिलेगा।
कांग्रेस कोषाध्यक्ष तथा समाचार-पत्र के निदेशक मंडल के अध्यक्ष मोतीलाल बोरा ने बताया कि 'नेशनल हेराल्ड' और इसके सहयोगी उर्दू अखबार 'कौमी आवाज' का प्रकाशन कल से बंद करने का निर्णय लिया गया है।
यह पूछने पर कि इस पत्र का पुनः प्रकाशन शुरु किया जाएगा तो उन्होंने कहा कि इस बारे में विचार किया जाएगा, लेकिन कब तक इसका पुनर्प्रकाशन होगा, इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि समाचार-पत्र को पुनः शुरु करने के बारे में निदेशक मंडल की अगली बैठक में निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने यह नहीं बताया कि बोर्ड की अगली बैठक कब होगी।
वोरा कहा कि पत्र के सभी कर्मचारियों को स्वैच्छिक सेवा निवृत्ति (वीआरएस) दी गई और जहाँ तक उन्हें जानकारी है, सभी कर्मचारी वीआरएस के पैकेज से संतुष्ट हैं।
अखबार के संपादक टीवी वेंकटचलम ने समाचार-पत्र के पहले पन्ने पर आज प्रकाशित संपादकीय में लिखा है कि उन्हें और कर्मचारियों को उम्मीद है कि नेशनल हेराल्ड फिर से शुरु होकर अपने गौरवशाली अतीत में पहुँचेगा।
संपादकीय में उम्मीद जताई गई है कि पत्र का प्रकाशन अस्थायी रूप से बंद किया गया है। इससे पहले 1987 में कुछ समय के लिए अखबार का प्रकाशन बंद हुआ था।
|