बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन ने निर्देशक के रूप में अपनी पारी की शुरुआत 'यू मी और हम' से की है, जो इस महीने रुपहले पर्दे पर आने को तैयार है। बहरहाल अजय देवगन ने कहा कि उनकी यह फिल्म पति-पत्नी के सकारात्मक संबंधों पर आधारित है। सिनेप्रमियों के लिए इस फिल्म से जुड़ी एक रोचक खबर यह है कि लगभग नौ साल बाद अजय देवगन अपनी अभिनेत्री पत्नी काजोल के साथ पर्दे पर अभिनय करते दिखेंगे। अजय ने कहा कि यह सामान्य प्रेम कहानी एक ऐसे व्यक्ति की है, जो तमाम बाधाओं को पार कर अपनी प्रेमिका से शादी करता है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में कोई उपदेश देने का प्रयास नहीं किया गया है और दर्शक आसानी से इसके किरादरों से रूबरू हो सकेंगे। फिल्म के विषय में सबसे बड़ा अंतर यह है कि फिल्म में शादी की पारंपरिक संस्था और व्यवस्था को सकारात्मक रूप में दर्शाया गया है।
देवगन ने कहा काफी संख्या में लोग शादी के पारंपरिक संस्थान पर प्रश्न चिह्न उठाते हैं और समस्या उत्पन्न होने पर इस पर दोषारोपण करते हैं। मैं समझता हूँ कि शादी हो या कोई और संबंध, समस्याएँ तो आती रहती हैं।
उन्होंने कहा हार मान लेना हमारा अंतिम विकल्प होना चाहिए, लेकिन परेशानी का पहला लक्षण दिखाई देने के साथ ही लोग मैदान छोड़ देते हैं।
एक्शन भरे किरदार वाली फिल्मों से अपने करियर की शुरुआत करने वाले अभिनेता अजय देवगन ने कहा कि मैं महसूस करता हूँ कि संबंधों विशेषकर विवाह का प्यार, संवेदना और आपसी समझ से पोषण करने की जरूरत होती है।
उन्होंने कहा कि लोग अकसर मुझसे पूछते हैं कि मैं अपनी फिल्म के लिए इस विषय को क्यों चुना, सच कहूँ तो यह फिल्म दिल का हाल बयाँ करती है। एक ऐसी कहानी जिसमें मेरा पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा पहली नजर में प्यार, सुखी विवाह और प्यार मुहब्बत वास्तव में होते हैं और इसलिए ये मेरी फिल्म के महत्वपूर्ण अवयव हैं।
देवगन का मानना है कि वह अपनी इस फिल्म से लोगों की सोच या उनके जीने के अंदाज को नहीं बदल सकते हैं। उन्होंने कहा कि एक फिल्म का मतलब होता है, मनोरंजन और आपको आपका पैसा वसूल होना। और अगर फिल्म लोगों को अपने संबंधों के आत्मनिरीक्षण के लिए प्रेरित करें और उसे सुधारने का प्रोत्साहन दें तो फिल्म समझिए कई गुना सफल रही।
|