मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
माकपा के लिए कांग्रेस और भाजपा अछूत
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की 19वीं कांग्रेस में मंगलवार को घोषणा की कि पार्टी तीसरे विकल्प के गठन का पहल करने के साथ ही कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी से समान दूरी बनाए रखेगी।

19वीं कांग्रेस के चौथे दिन आज राजनीतिक प्रस्ताव पारित करने के बाद पार्टी पोलित ब्यूरो के सदस्य एस रामचंद्रन पिल्लई ने बताया कि माकपा भाजपा को सत्ता से दूर रखने और उसे अलग-थलग करने तथा तीसरे मोर्चे के गठन की रणनीति को जारी रखने के साथ ही कांग्रेस के साथ न तो कोई गठबंधन करेगी और न ही उसके साथ संयुक्त मोर्चा का हिस्सा बनेगी। यह बहुप्रतीक्षित प्रस्ताव कांग्रेस में चर्चा पर पार्टी महासचिव प्रकाश करात के जवाब के बाद सर्वसम्मति से पारित हुआ।

पिल्लई ने कहा कि तीसरे मोर्चे का गठन एक लंबी प्रक्रिया है और इसमें समय लगेगा, इसलिए गठन की कोई समय सीमा तय नहीं की जा सकती है। उन्होंने कहा कि माकपा देश में सांप्रदायिक ताकतों की अगुवाई करने वाले भाजपा-राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गठबंधन को अलग-थलग रखने के लिए हरसंभव प्रयास करती रहेगी।

मँहगाई के मुद्दे पर पिल्लई ने कहा कि कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार द्वारा घोषित उपायों से मूल्य वृद्धि रोकने में कामयाबी नहीं मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि माकपा ने सरकार को पेट्रोलियम उत्पादों पर लागू कर ढाँचे में बदलाव, समान सार्वजनिक वितरण प्रणाली शुरू करने और जमाखोरों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जैसे उपाय सुझाए है, लेकिन सरकार ने उनपर कोई ध्यान नहीं दिया।

तमिलनाडु में द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नीत सत्तारुढ़ लोकतांत्रिक प्रगतिशील गठबंधन में बने रहने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि माकपा इस गठबंधन का सदस्य नहीं है, बल्कि माकपा का द्रमुक के साथ अच्छा संबंध है और वह बना रहेगा।

कर्नाटक मे मई में संभावित विधानसभा चुनाव के संबंध में पिल्लई ने कहा कि माकपा ने इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं लिया है। पार्टी वहां की स्थितियों पर विचार करने के बाद ही कोई फैसला लेगी।
और भी
महँगाई के खिलाफ व्यापक कदम जरूरी
लामा के प्रति अपशब्द शर्मनाक-फर्नांडीस
सिविल डिफैंस पुनर्गठन पर होगा विचार
ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना देश भर में लागू
जया बच्चन के निशाने पर मायावती
एनिमेशन पर मुग्ध बड़े बैनर