जाने-माने अर्थशास्त्रियों और विश्लेषकों ने आसमान छूती महँगाई को रोकने के लिए शुल्कों में कटौती के उपायों से असहमति जताते हुए कहा है कि स्थायी हल हेतु अर्थव्यवस्था के स्तर पर व्यापक कदम उठाने की जरूरत है। राजनीतिक दलों ने भी सरकार द्वारा महँगाई रोकने के उपायों को खारिज कर दिया है।
प्रसिद्ध विचारक और अर्थशास्त्री एस. गुरुमूर्ति ने आवश्यक जिंसों की कीमतों को रोकने के लिए खाद्य तेलों के आयात पर शुल्क को घटाने और चावल का निर्यात बंद किए जाने के सरकार के उपायों पर कहा कि इससे महँगाई से राहत मिलना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि इससे महँगाई को रोकने में कुछ फौरी मदद तो मिल सकती है, किंतु स्थायी समाधान के लिए अर्थव्यवस्था में व्यापक स्तर पर कदम उठाने की जरूरत है।
गुरुमूर्ति ने कहा कि खेती से लेकर उपज के बेहतर विपणन के लिए कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने माना कि डॉलर को लेकर रिजर्व बैंक जो नीति अख्तियार किए हुए हैं। वह भी महँगाई में सहयोग कर रही है।
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य सुरेश तेंडुलकर का कहना है कि शुल्कों में कटौती महँगाई को रोकने में अकेले बहुत मददगार नहीं साबित होगी। देश को अब कुछ महँगाई के साथ चलने की आदत डालनी होगी।
विश्लेषकों का कहना है कि महँगाई को रोकने के लिए खाद्य तेल के आयात शुल्क में भारी कटौती और चावल के निर्यात पर रोक का सीमित असर हो सकता है, किंतु दीर्घकालिक लिहाज से इस समस्या के निदान के लिए घरेलू स्तर पर खाद्यान्नों की आपूर्ति को बढ़ाकर ही सफलता मिल सकेगी।
आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के महासचिव और सांसद देवव्रत बिश्वास ने कहा है कि कीमत संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति ने आवश्यक वस्तुओं की कीमतों को रोकने के लिए जो कदम उठाए हैं, वह मात्र दिखावा भर हैं और इससे खुदरा बाजार में दामों पर कोई बहुत असर पड़ने वाला नहीं है।
भाजपा धरना-प्रदर्शन करेगी : भाजपा महँगाई के मुद्दे पर केन्द्र सरकार के खिलाफ सात से 14 अप्रैल तक देश भर में विरोध प्रदर्शन करेगी। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष वैंकया नायडू ने बताया कि भाजपा शासित राज्यों में भी विरोध प्रदर्शन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे, क्योंकि महँगाई केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण बढ़ रही हैं। इन प्रदर्शनों में सांसद, विधायक एवं राष्ट्रीय नेता मौजूद रहेंगे।
माकपा ने उपायों को खारिज किया : माकपा ने केन्द्र सरकार के आवश्यक वस्तुओं के आसमान छूते दामों को कम करने के उपायों को खारिज करते हुए आज कहा कि इसके कोई सकारात्मक नतीजे नहीं निकलेंगे। माकपा की 19वीं कांग्रेस के चौथे दिन की कार्यवाही की जानकारी देते हुए पार्टी पोलित ब्यूरो के सदस्य एस रामचन्द्रन पिल्लई ने कहा कि कांग्रेस नीत संप्रग सरकार द्वारा घोषित किए गए उपायों से मूल्य वृद्धि रोकने में कामयाबी नहीं मिलेगी।
भाकपा आंदोलन करेगी : भाकपा ने कहा कि सरकार ने महँगाई रोकने के जिन उपायों की घोषणा की है वे नाकाफी हैं और खाद्यान्नों तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने में कारगर नहीं होंगे। पार्टी महँगाई के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन के अपने रुख पर कायम है।
|