लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी के बाद अब आत्मकथा लिखने की बारी है पूर्व रक्षामंत्री जॉर्ज फर्नांडीस की।
फर्नांडीस ने निजी चैनल सीएनएन-आईबीएन को दिए साक्षात्कार में स्वीकार किया है कि वह आधी आत्मकथा लिख चुके हैं और यह एक वर्ष के भीतर प्रकाशित हो जाएगी।
पूर्व रक्षामंत्री ने बताया कि इस आत्मकथा में वह अटलबिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली राजग सरकार में छह वर्षों के अपने कार्यकाल के संपूर्ण तथ्यों से पाठक को अवगत कराएँगे।
उन्होंने बताया कि आत्मकथा में तहलका कांड की विशेष रूप से चर्चा की गई है, जिसके कारण उन्हें पद से इस्तीफा देना पड़ा था। आत्मकथा में जनता पार्टी सरकार के समय से पूर्व गिर जाने की भी चर्चा की जाएगी।
फर्नांडीस ने दावा किया कि आत्मकथा में दर्ज तथ्यों की लपेट में अनेक सूरमा आएँगे।
|