सशस्त्र बलों के लिए वेतन आयोग की सिफारिशों से नाखुश तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने रक्षामंत्री एके एंटनी से मुलाकात करके वेतन में 40 से 60 फीसदी बढ़ोतरी की माँग की।
सेना में अधिकारियों की कमी की पृष्ठभूमि में सेना प्रमुखों ने रक्षामंत्री के समक्ष इस बात को सशक्त ढंग से रखा कि सैन्य करियर को आकर्षक बनाने के लिए सैन्यकर्मियों को उच्च वेतन देने की जरूरत है।
चीफ ऑफ स्टाफ एडमिरल सुरेश मेहता ने वेतन आयोग के प्रस्तावों में संशोधन की माँग की, जिसमें सैनिकों, अधिकारी स्तर से नीचे के सैनिकों (पीबीओआर) और मध्यम श्रेणी के अधिकारियों के लिए सैन्य सर्विस वेतन (एमएसपी) को बुनियादी वेतन का 25 फीसदी निश्चित करना भी शामिल है।
रक्षामंत्री और रक्षा मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखते हुए एडमिरल सुरेश मेहता ने कहा कि वेतन आयोग ने सैनिकों और मध्यम श्रेणी के अधिकारियों के साथ न्याय नहीं किया।
रक्षामंत्री और रक्षा मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों के साथ थलसेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर, वायुसेना प्रमुख फाली होमी मेजर और रक्षा सचिव विजयसिंह की नब्बे मिनट से अधिक समय तक इस मसले पर बातचीत हुई।
|