अमेरिका के कैलिफोर्निया में अमेरिका-भारत संयुक्त युद्ध अभ्यास के दौरान दो भारतीय सैनिक लापता हो गए और उनका पता लगाने के लिए भारतीय अधिकारी अमेरिकी विदेश मंत्रालय से संपर्क कर रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि कैलिफोर्निया के कैंप पेंडलटन में अमेरिकी सैनिकों के साथ संयुक्त युद्ध अभ्यास कर रही भारतीय सेना की टुकड़ी ने पाया कि उसके दो लोग संजय महतो और संतोष थापा लापता हैं। सैनिक युद्ध अभ्यास 'शत्रुजीत' में हिस्सा ले रहे थे।
अमेरिकी और भारतीय सैनिकों का यह संयुक्त युद्ध अभ्यास दोनों देशों के बीच के बढ़ते रक्षा सहयोग का एक हिस्सा है। 2005 में पहली बार भारतीय सेना का एक दल कैंप पेंडलटन गया था। उसके अगले साल अमेरिकी मरीन भारत आए थे और बेलगाम में सैन्य अभ्यास में हिस्सा लिया था।
सूत्रों ने बताया कि भारतीय अधिकारियों ने दोनों लोगों का पता लगाने के लिए तत्काल लॉस एंजिल्स पुलिस से संपर्क किया। दोनों को बिना अवकाश के गैर हाजिर करार दिया जा रहा है। सूत्रों ने बताया कि सान फ्रांसिस्को में भारतीय वाणिज्य दूतावास से भी सहयोग माँगा गया है।
बहरहाल इस प्रकरण को दस दिन बीत चुके हैं। भारतीय दूतावास इस मामले पर अब अमेरिकी विदेश मंत्रालय से संपर्क कर रहा है, ताकि दो सैनिकों का पता लगाने के लिए लॉस एंजिल्स के अधिकारियों पर दबाव डाला जा सके।
भारतीय दल के बाकी सदस्य भारत लौट चुके हैं। भारतीय अधिकारी दोनों सैनिकों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों सैनिकों को भगोड़ा घोषित किया जा सकता है, क्योंकि उन्होंने संभवत. अवैध प्रवसन का प्रयास किया होगा। महतो और थापा के पास कोई पासपोर्ट या यात्रा दस्तावेज नहीं था।
|