सरकार ने विभिन्न सामाजिक एवं बुनियादी ढाँचा पहल के कार्यान्वयन के उद्देश्य से समर्पित फंड के लिए इस साल राजकोष से 6 हजार करोड़ रुपए हस्तांतरित करने का फैसला किया है।
इस पहल में 1396 आईटीआई, किसानों को प्रशिक्षण, ग्रामीण भूमिहीन परिवारों को बीमा, कवर मेरिट स्कॉलरशिप, भूजल रिचार्ज और विकलांगों को रोजगार मुहैया कराना शामिल है।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) ने इन पहल के कार्यान्वयन के लिए सामाजिक एवं बुनियादी ढाँचा विकास फंड बनाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।
एक अन्य फैसले में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने सात आईआईटी और बेंगलुरु स्थित भारतीय विज्ञान संस्थान अनुदान में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। बढ़ी हुई रकम में से 73 करोड़ 2007-08 में जारी किए जाएँगे। शेष 72.5 करोड़ 2008-09 के दौरान जारी होंगे।
आईआईटी और भारतीय विज्ञान संस्थान की वित्तीय स्थिति सुधारने में इस फैसले से मदद मिलेगी।
|