कम्प्यूटर पर इंटरनेट के जरिये रेल टिकटों का आरक्षण कराने वाले यात्रियों के लिए एक खुशखबरी है अगले महीने से उन्हें प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) ई-टिकट बुक कराने की भी सुविधा मिलेगी।
भारतीय रेलवे ने ई-टिकट पर अब प्रतीक्षा सूची के टिकट भी बुक करने का निर्णय लिया है। अब तक सिर्फ कन्फर्म टिकट की ही बुकिंग ई-टिकट के माध्यम से होती थी।
रेल मंत्रालय के सूत्रों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अगले महीने से प्रतीक्षा सूची वाले ई-टिकट की बुकिंग की भी सुविधा यात्रियों को मिलेगी। इंटरनेट पर ई-टिकट बुक कराते समय यात्री स्वयं इस टिकट का इलेक्ट्रॉनिक रिजर्वेशन स्लिप के रूप में प्रिंट भी निकाल सकेंगे।
सूत्रों ने बताया कि प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों का टिकट आरक्षण चार्ट तैयार होने तक अगर कन्फर्म हो जाता है या आरएसी में आ जाता है तो वैसे ही यात्रियों का नाम आरक्षण चार्ट में आ जाएगा और वे संबंधित ट्रेन में यात्रा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यदि चार्ट तैयार होने तक भी टिकट कन्फर्म या आरएसी श्रेणी में नहीं आता है तो वैसी स्थिति में यात्री का नाम चार्ट में अंकित नहीं होगा।
रेलवे ने जनवरी महीने में ही इस संबंध में इंडियन रेलवे कैटरिंग एवं टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) को अपने सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव करने के निर्देश दे दिए थे।
|