कांग्रेस ने राकांपा प्रमुख शरद पवार के इस प्रस्ताव का समर्थन किया कि करीब एक दर्जन दलों को मिलाकर बनाए गए संप्रग को आगामी लोकसभा चुनाव मिलकर लड़ना चाहिए।
पार्टी हालाँकि इस सवाल के जवाब को टाल गई कि राजग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी के मुकाबले संप्रग किसे अपना दावेदार बनाएगा।
पार्टी प्रवक्ता जयंती नटराजन ने सत्तारूढ़ मोर्चे की उपलब्धियाँ गिनाते हुए कहा कि मुझे लगता है संप्रग कभी इतना प्रासंगिक नहीं था जितना आज है, क्योंकि यह गठबंधन राजनीति तथा परस्पर आदान-प्रदान की भावना में सफल रहा है।
राकांपा प्रमुख के प्रस्ताव के बारे में प्रतिक्रिया पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संप्रग प्रमुख सोनिया गाँधी सहित गठबंधन के नेताओं के बीच होने वाली बातचीत में विचार किया जाएगा।
संप्रग के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि जब लोकसभा चुनाव होंगे तब आपको पता चल जाएगा।
|