बिहार के औरंगाबाद जिले के एक दम्पति ने यह दावा किया है कि लंदन में बरामद नौ वर्षीय गुरिंदर नाम का बालक उनका पुत्र है, जिसका तीन वर्ष पूर्व अपहरण कर लिया गया था।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि गंगा प्रसाद जो कि एक दुकानदार हैं, अपनी पत्नी बिंदिया के साथ कल जिला पुलिस अधीक्षक गणेश कुमार के पास पहुँचे और बताया कि लंदन के साउथ हाल इलाके में मौजूद एक नर्सिंग होम से गत सप्ताह बरामद गुरिंदर नाम के जिस बालक की तस्वीर एक निजी समाचार चैनल द्वारा प्रसारित की गई है, उन्हें ऐसा लगता है कि वह बालक उनका पुत्र सिंटू है, जो तीन मार्च 2005 को छह वर्ष की उम्र में सदर थानाक्षेत्र टिकरी इलाके से लापता हो गया था।
प्रसाद ने बताया कि टीवी चैनल ने जिस बच्चे की तस्वीर प्रसारित की थी, वह उनके बेटे से काफी मेल खाती है। इसलिए उन्होंने इस संबंध में जिला पुलिस से मदद माँगी है। उन्होंने बताया कि लंदन पुलिस बरामद बच्चे की उम्र नौ वर्ष बता रही है और गायब हुआ उनका पुत्र भी अब नौ वर्ष का हो गया होगा।
प्रसाद की पत्नी बिंदिया जो तीन वर्ष से अपने बेटे के लौटने का इंतजार कर रही है, ने कहा कि वह अपने बच्चे को घर वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए है।
उल्लेखनीय है कि सिंटू के लापता होने के बाद इस संबंध में प्रसाद ने छह मार्च 2005 में उसके अपहरण की आशंका से संबंधित स्थानीय थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि सिंटू के लापता होने के बाद उन्हें फिरौती की माँग से संबंधित फोन भी आए थे, जिसके बाद कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ भी की थी, लेकिन बच्चा बरामद नहीं हुआ।
गणेश कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन इस संबंध में केंद्र सरकार के विदेश विभाग से आग्रह करेगा कि वह नई दिल्ली स्थित ब्रिटिश उच्चायोग से विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए आग्रह करे ताकि लंदन में बरामद गुरिंदर सही मायने में अगर सिंटू है तो उसे उसके परिवार के पास पहुँचा दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि लंदन में बरामद गुरिंदर केवल पंजाबी बोलता है और लंदन पुलिस उस आदमी का पता लगाने में जुटी है, जिसके साथ वह गायब होने के बाद लंदन में रह रहा था।
|