देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पर्यटन क्षेत्र में खासा विस्तार हो रहा है और मौजूदा वर्ष के दौरान पहले महीने जनवरी में विदेशी पर्यटकों की संख्या में जनवरी 2007 की तुलना में 9.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि जनवरी 2007 की तुलना में जनवरी 2008 में भारत आने वाले विदेशी पर्यटकों की संख्या 9.9 फीसदी बढ़ी है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में विश्व पर्यटक आगमन परिदृश्य में भारत का हिस्सा करीब आधा प्रतिशत रहा जबकि विदेशी मुद्रा अर्जन के लिहाज से यह हिस्सा 1.21 प्रतिशत था। उन्होंने बताया कि वर्ष 2006 में 44.50 लाख विदेशी पर्यटक भारत आए जबकि 2005 में यह संख्या 39.2 लाख और 2004 में 34.6 लाख थी।
विश्व पर्यटन बाजार में भारत की हिस्सेदारी महज 0.5 प्रतिशत है लेकिन इसमें तेजी से वृद्धि हो रही है। वर्ष 2003 में जहां पर्यटन क्षेत्र से 4 अरब डॉलर की आमदनी हुई थी वहीं वर्ष 2007 में यह आँकड़ा बढ़कर 11.9 अरब डॉलर हो गया।
सूत्रों ने बताया कि घरेलू पर्यटन में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2007 में 68.87 लाख श्रद्धालुओं ने वैष्णोदेवी मंदिर के दर्शन किए।
सूत्रों ने बताया कि 2007 में 12 दिसम्बर तक 68.87 लाख श्रद्धालु वैष्णोदेवी मंदिर आए। इसके पहले 2005 में 62.51 लाख श्रद्धालु और 2004 में 61.09 लाख श्रद्धालु मंदिर आए थे।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड स्थित हेमकुंड साहिब की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या वर्ष 2007 में 5 लाख 57 हजार 129 थी। वर्ष 2005 में 5 लाख 48 हजार 414 श्रद्धालुओं ने और वर्ष 2006 में 5 लाख 76 हजार 658 श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब के दर्शन किए।
पर्यटकों पर हमलों की घटनाओं के संदर्भ में सूत्रों ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा के लिए शीघ्र ही एक कार्यबल गठित किया जाएगा। इस कार्यबल का ब्लूप्रिंट राज्य सरकारों को भेज दिया गया है और उनकी प्रतिक्रिया का इंतजार है।
इस कार्यबल में सेवानिवृत्त रक्षा कर्मियों को नियुक्त करने का प्रस्ताव है। लेकिन नियुक्ति राज्य सरकार का विशेषाधिकार होगा। पर्यटकों के लिए बुनियादी सुरक्षा ढाँचे में विकास के बारे में 24 जनवरी को पर्यटन मंत्रालय गृह मंत्रालय रक्षा मंत्रालय के अधिकारियों और राज्यों के पर्यटन सचिवों की एक बैठक हुई जिसमें पर्यटकों की सुरक्षा के मुद्दे पर भी चर्चा की गई थी।
|