क्रिकेट से राजनेता बने नवजोतसिंह सिद्धू की हालत में सुधार हो रहा है। उन्हें गंभीर हालत में 9 मार्च को दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सूत्रों ने यहाँ बताया कि डॉक्टरों ने सिद्धू को आराम करने की सलाह दी है।
सिद्धू की देखरेख कर रहे परामर्श सर्जन डॉक्टर रूपिन्दरसिंह ने कहा कि अमृतसर के सांसद को अपनी व्यस्त जीवनशैली बदलना होगी और उन्हें आगे से व्यायाम तथा शारीरिक तंदुरुस्ती पर ध्यान देना होगा।
डॉ. सिंह ने कहा कि यह बीमारी घातक हो सकती थी और यह वास्तव में उम्दा क्रिकेटर, महान कमेंटेटर, उत्कृष्ट शोमैन और प्रतिष्ठावान राजनेता का पुनर्जन्म है।
उनमें मौजूद योगी होने के गुण ने निश्चित तौर पर उनके उपचार में उनकी मदद की और वे शीघ्र सक्रिय राजनीति में लौटेंगे।
उल्लेखनीय है कि चंडीगढ़ से दिल्ली जाते वक्त 9 मार्च को सिद्धू पानीपत के निकट बेचैनी महसूस करने लगे थे और कुछ मिनटों के लिए अचेत हो गए थे। बाद में उन्हें अपोलो अस्पताल में भर्ती किया गया, जहाँ अब उनकी सेहत में काफी सुधार हुआ है।
|