रंग और मौज-मस्ती का पर्व होली शनिवार को देशभर में पूरे उत्साह और परंपरागत तरीके से मनाया गया। हिन्दू संस्कृति के अनुसार होली का त्योहार वसंत के आगमन की खुशी में भी मनाया जाता है।
राजधानी दिल्ली में लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल और रंग लगाकर होली का त्योहार जोशोखरोश से मनाया। कुछ लोग अपनी बालकनी और छत पर खड़े होकर परिजनों, दोस्तों और राहगीरों पर पानी से भरे गुब्बारे भी फेंक रहे थे। अनेक जगहों पर लोग गाजे-बाजे के साथ नाचते और गाते हुए एक-दूसरे पर रंग उड़ेलते नजर आए।
दिल्ली पुलिस ने आज सुरक्षा के व्यापक उपाय किए थे। वाहनों की जाँच के लिए अनेक जगहों पर बैरिकेट्स लगाए गए थे। कई क्षेत्रों में पुलिसकर्मी गश्त करते नजर आए। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भी होली मनाई।
मध्यप्रदेश में उमंग और उत्साह : राजधानी भोपाल समेत मध्यप्रदेश में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। होली, मिलादुन्नबी और गुड फ्रायडे एक साथ होने के कारण राज्य में पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के आवश्यक उपाय किए। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष ध्यान दिया गया।
शहर में शुक्रवार रात होलिका दहन के साथ ही युवाओं पर होली के रंग चढ़ने लगे। आज युवाओं, बच्चों, महिलाओं और अन्य लोगों ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं।
इंदौर में रंग फीका : इंदौर में भी होली मनाई गई, लेकिन जलप्रदाय करने वाली मुख्य पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण शहर के अधिकांश लोग जलसंकट से ही जूझते रहे। ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, सागर और रीवा आदि क्षेत्रों से भी होली का पर्व परंपरागत तरीके से मनाए जाने के समाचार मिले हैं।
लालू की कपड़ा फाड़ होली : बिहार में राजधानी पटना के कुछ मोहल्लों में औरतों और उत्साही बच्चों की टोलियों ने मुँह पर रंग लगाकर होली के रूप गीत गाते हुए घूम-घूमकर पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ त्योहार मनाया।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने सरकारी आवास में इस बार पारिवारिक कारणों से व्यक्तिगत रूप से होली नहीं मनाई, वहीं कपड़ा फाड़ होली मनाने के लिए देशभर में चर्चित रहे रेलमंत्री और राजद अध्यक्ष लालूप्रसाद यादव ने इस बार ढोलक की थाप पर ठुमके लगाकर त्योहार मनाया।
इस दौरान उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ीदेवी के आवास पर पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता रंग एवं गुलाल लेकर आए और उनके साथ होली खेली।
|