मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
वाजेपयी, आडवाणी ने मनाई होली
रंगों का त्योहार होली राजधानी के सभी इलाकों में बड़े उत्साह और परम्परा के अनुसार मनाया जा रहा है। इसमें राजनीति के दिग्गज नेता पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी के आवास पर सर्वाधिक उत्साह और जोश देखने को मिला।

कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे वाजपेयी आज सभी आगन्तुकों से मिले और होली की शुभकामनाएँ स्वीकार की। वाजपेयी से मिलने वालों के चेहरे पर भी बहुत प्रसन्नता का भाव दिख रहा था। अस्वस्थ होने के कारण कुछ समय से वाजपेयी से कोई नहीं मिल पा रहा था और इसीलिए होली का अवसर सबके लिए बड़ी खुशी का मौका था।

पूर्व प्रधानमंत्री के आवास 6-ए कृष्ण मेनन मार्ग पर भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों का सुबह से ही ताँता लगा रहा। कोठी के भीतर लोग कतार में आकर अपने प्रिय नेता से मिलकर उनसे आशीर्वाद ले रहे थे। अन्य लोगों के अलावा लोकसभा में विपक्ष के नेता तथा प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी, भाजपा अध्यक्ष राजनाथसिंह, वरिष्ठ नेता डॉ. मुरली मनोहर जोशी, राष्ट्रीय सचिव विजय गोयल, राष्ट्रीय प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद, दिल्ली की महापौर आरती मेहरा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. हर्षवर्धन ने वाजपेयी से मिलकर उन्हें होली की शुभकामनाएँ दी।

आडवाणी ने वाजपेयी को होली की शुभकामनाएँ देते हुए उनके चरण छूकर आशीर्वाद लिया साथ ही वहाँ मौजूद राजनाथसिंह ने आडवाणी के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।

दूसरी ओर आडवाणी के आवास पर भी होली का नजारा कुछ अलग ही था, वहाँ लोकनृत्य और संगीत गूँज रहा था। पार्टी अध्यक्ष सिंह ने आडवाणी के निवास पर पहुँचकर होली की शुभकामनाएँ दी और आशीर्वाद लिया। सिंह के अशोक रोड स्थित आवास पर भी बड़े उत्साह और परंपरागत ढंग से होली मनाई जा रही है।
और भी
हाथियों की संख्या में रिकॉर्ड वृद्धि
मनमोहन ने सादगी से मनाई होली
संघ अटलजी को राष्ट्रपति बनाना चाहता था
मौन मुख मंडल पर स्वरों की आभा
वामपंथियों पर बरसे चिदंबरम
राहुल प्रतिभावान राजनीतिज्ञ-ब्लेयर