मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
देश भर में त्योहारों की धूम
राजधानी दिल्ली समेत पूरे देश में शुक्रवार को जहाँ पारसियों का नववर्ष नवरोज, पैगम्बर मोहम्मद का जन्मदिवस मिलाद उन नबी और होलिका दहन का पर्व पंरपरागत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया वहीं आज गुड फ्राइडे के मौके पर गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएँ भी आयोजित की गईं।

दिल्ली की फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम ने ईद मिलाद उन नबी के त्यौहार को सबके लिए पवित्र तथा मुबारक दिन बताते हुए कहा कि पैगंबर मोहम्मद ने सभी प्राणियों से बिना किसी भेद भाव के प्रेम, दया और भाईचारे का संदेश दिया था। इस मौके पर दिल्ली की विभिन्न मस्जिदों में नमाज अदा की गई।

मिलाद उन नबी पर कुछ ज्यादा ही रौनक रही। इस मौके पर श्रीनगर में एक जुलूस भी निकाला गया। मस्जिदों और मुसलमानों के अन्य धार्मिक स्थलों पर कल रात से ही प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया था, जिसमें लाखों की तादाद में लोगों ने हिस्सा लिया।

सबसे बड़ी प्रार्थना सभा हजरत बल दरगाह पर हुई, जिसमें राज्य के विभिन्न हिस्सों से आए दो लाख से भी ज्यादा लोगों ने भाग लिया।

जम्मू में भी विभिन्न समुदायों और धर्म के लोगों ने पूरे हर्षोल्लास के साथ होली, मिलाद उन नबी और गुड फ्राइडे के आयोजनों में हिस्सा लिया। हिंदू जहाँ रंगों में सराबोर होकर होली की मस्ती में डूबे दिखाई दिए वहीं मुस्लिम और ईसाई समुदाय के लोगों ने मस्जिदों और गिरजाघरों में विशेष प्रार्थन सभाओं में शिरकत की।

राजधानी दिल्ली समेत समूचे उत्तर भारत में होलिका दहन कर लोगों ने बुराई पर अच्छाई की जीत का इजहार किया। इस मौके पर कई स्थानों पर ढोल-मंजीर बजाते लोग होलिका दहन का नजारा लेते दिखे। लोगों ने रंग-बिरंगे गुलाल लगाकर एक दूसरे का अभिवादन किया।

तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और आंध्रप्रदेश की राजधानी हैदराबाद में भी मिलाद उन नबी और होली का त्योहार पूरे हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। साथ ही गुड फ्राइडे के मौके पर गिरजाघरों में प्रार्थना सभाएँ हुईं।

सभी वर्ग और समुदाय के लोगों ने एक दूसरे पर रंग लगाकर आपसी भाईचारे और प्रेम का इजहार किया। मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी और तेलुगू देशम पार्टी के अध्यक्ष एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्यवासियों को इस मौके पर होली की बधाई दी और इसके आयोजनों में हिस्सा लिया।

ईसा मसीह के बलिदान दिवस के रूप में मनाए जाने वाले गुड फ्राइडे के मौके पर चेन्नई समेत समूचे तलिनाडु में ईसाई समुदाय के लोगों ने गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाएँ की और दान दिए। कई स्थानों पर इस मौके पर शांति जुलूस भी निकाले गए। केरल में भी गुड फ्राइडे पूरी श्रद्धा और धार्मिक समर्पण के साथ मनाया गया।
और भी
होली पर राष्‍ट्रनायकों की शुभकामनाएँ
चीनी दूतावास में घुसे तिब्बती
दलाई लामा ने रचा षड्‍यंत्र-चीन
‍जिन्ना के जिक्र पर मलाल नहीं-आडवाणी
'तिब्बत में दमन के खिलाफ आवाज उठाएँ'
वाजपेयी धूमधाम से मनाएँगे होली