चीन ने ल्हासा की हाल की घटनाओं के लिए शुक्रवार को तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा को जिम्मेदार ठहराया और पूरे घटनाक्रम के प्रति भारत सरकार के रवैये की सराहना की।
भारत में चीन के राजदूत झांग यान ने चीनी दूतावास में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ल्हासा में हिंसा का षड्यंत्र दलाई लामा और उनके गुट ने रचा और उन्होंने ही लोगों को इसके लिए भड़काया।
उन्होंने आरोप लगाया कि दलाई लामा शांति के लिए कोई प्रणाली बनाने की वर्षों से जो बात करते रहें हैं, वह मात्र दिखावा और झूठ है। उन्होंने कहा कि दलाई लामा की कथनी और करनी में फर्क है।
झांग ने कहा कि ल्हासा में दंगाइयों ने लूटपाट की। दुकानों, मकानों को आग लगाई, यहाँ तक कि स्कूलों और अस्पतालों को भी निशाना बनाया तथा कई निर्दोष लोगों को मार डाला। उनके अनुसार मारे गए लोगों में स्थानीय और चीन के दूसरे हिस्सों में आए लोग शामिल हैं। उन्होंने हिंसा में शामिल लोगों को अपराधियों की संज्ञा दी।
राजदूत ने इस घटना पर भारत सरकार के रुख की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत की तिब्बत नीति के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भारत ने सही और उचित रवैया अपनाया। उन्होंने भारत में चीनी दूतावास तथा वाणिज्य दूतावास की सुरक्षा के उपाय करने के लिए भी भारत सरकार की प्रशंसा की।
|