ल्हासा में चल रहे घटनाक्रम पर अमेरिकी चिंता के बीच अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की स्पीकर नैंसी पैलोसी ने शुक्रवार को तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा से मुलाकात की।
पेलोसी का यहाँ मुख्य मंदिर परिसर में शानदार स्वागत किया गया। पेलोसी तीसरी शीर्ष अमेरिकी अधिकारी हैं, जिन्होंने दलाई लामा से मुलाकात की है। उनके साथ अमेरिकी कांग्रेस के नौ सांसद भी थे।
चीन ने दलाई लामा के साथ उनकी मुलाकात का कड़ा विरोध किया है। समझा जाता है कि चीन पेलोसी की धर्मशाला यात्रा पर करीबी नजर रखे हुए है। अमेरिकी स्पीकर आज सुबह इस पहाड़ी नगरी में पहुँचीं।
यह शहर निर्वासित जीवन गुजार रहे तिब्बतियों का घर है। ल्हासा में पिछले हफ्ते तिब्बत की स्वतंत्रता के लिए प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ चीन के अभियान के बाद से यहाँ पर चीन के खिलाफ छिटपुट प्रदर्शन हो रहा है।
तिब्बती बौद्ध भिक्षु शहर के चौराहे से लेकर मुख्य बुद्ध मंदिर तक चीन विरोधी नारे लगाते हुए दिन के समय में कई बार विरोध रैली निकालते हैं। जैसे ही सूर्यास्त होता है, बड़ी संख्या में तिब्बती कैंडल लाइट प्रदर्शन करते हैं। कुछ अन्य तिब्बती मंदिर के बाहर भूख हड़ताल पर हैं।
पूरा शहर चीनी जेलों में कथित तौर पर प्रताड़ित तिब्बतियों की तस्वीरों से अटा पड़ा है। हर जगह दीवार पर 'फ्री तिब्बत' के नारे लिखे हुए हैं।
|