बांग्लादेश की विवादास्पद लेखिका तसलीमा नसरीन बुधवार को भारत से अज्ञात स्थान के लिए रवाना हो गईं।
बांग्लादेशी लेखिका बुधवार सुबह ब्रिटिश एयरवेज के विमान से नई दिल्ली से रवाना हुईं। लंदन पहुँचने के बाद हीथ्रो हवाई अड्डे से 46 वर्षीय लेखिका ने यह खुलासा करने से इनकार कर दिया कि वे कहाँ जा रही हैं।
लंदन से दूसरी जगह के लिए विमान पकड़ने जा रहीं तसलीमा ने कहा कि वे अपनी सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं करेंगी।
भारत सरकार पर धार्मिक कट्टरपंथी जैसा व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि अगर मैंने अपने गंतव्य स्थान के बारे में खुलासा कर दिया तो इससे मेरी सुरक्षा को खतरा उत्पन्न हो जाएगा। मेरा चेहरा जाना-पहचाना है और मुझे कट्टरपंथी आसानी से निशाना बना सकते हैं।
तसलीमा ने आरोप लगाया कि पिछले चार महीने के दौरान उनके मानवाधिकारों का कथित तौर पर हनन किया गया। जब से कोलकाता से उन्हें दिल्ली लाया गया वे स्तब्धकारी माहौल में रहीं। ब्रिटेन की राजधानी से उन्होंने कहा कि मुझे तनाव की स्थिति में वहाँ रखा गया, लेकिन मैं कुछ नहीं बोल सकी क्योंकि मैं उनकी (सरकार) निगरानी में थी और कुछ कहने पर उनकी ओर से परेशान किया जा सकता था।
|