प्रधानमंत्री कार्यालय ने मंगलवार को स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन ने तमिलनाडु में लिट्टे द्वारा अड्डा बनाने संबंधी किसी बात का कभी उल्लेख नहीं किया। प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान में कहा गया कि लिट्टे की गतिविधियों से संबंधित सवाल के जवाब में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने केवल यह कहा था कि ऐसी किसी भी गतिविधि पर पुलिस निगरानी रखेगी।
बयान में कहा गया न तो तमिलनाडु में लिट्टे के संपर्क के बारे में और न ही लिट्टे द्वारा वहाँ अड्डा स्थापित करने के बारे में कोई बात कही गई थी।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने मीडिया में इस तरह की खबरें आने के बाद यह बयान जारी किया है, जिनमें कहा गया था कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एमके नारायणन ने हाल की केरल यात्रा के दौरान एक साक्षात्कार में तमिलनाडु में लिट्टे की मौजूदगी की बात कही थी।
|