मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
सरबजीत पर मंगल को संसद में बयान
विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी सरबजीतसिंह मामले पर मंगलवार को संसद में बयान देंगे। पाकिस्तान में बम विस्फोटों के मामले में आरोपी भारतीय नागरिक सरबजीतसिंह वहाँ की जेल में बंद है और लाहौर उच्च न्यायालय के आदेश के अनुसार उन्हें एक अप्रैल को फाँसी दी जानी है।

इस बीच विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा ने उम्मीद जाहिर की है कि भारत की जनता की भावनाओं को देखते हुए पाकिस्तान मानवीय आधार पर सरबजीत के प्रति नरमी बरतेगा। उन्होंने कहा कि भारत पहले भी सरबजीत के प्रति नरमी बरतने का अनुरोध पाकिस्तान सरकार से कर चुका है।

उन्होंने हालाँकि यह भी कहा कि इस मामले में भारत के पास सीमित विकल्प है और पाकिस्तान सरकार से केवल अनुरोध ही किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि हम पहले भी देश की जनता की भावनाओं से पाकिस्तान को अवगत करा चुके हैं और नरमी बरतने का अनुरोध कर चुके हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि मानवीय आधार पर पाकिस्तान नरमी दिखाएगा।

उन्होंने बताया कि पाकिस्तान की ओर से इस संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है। भारत हमेशा पाकिस्तानी जेल में बंद भारतीयों की रिहाई की कोशिश करता रहा है।

दोनों देशों के अवकाश प्राप्त न्यायाधीशों की कमेटी की हाल ही में हुई पहली बैठक में एक-दूसरे के देश की जेलों में बंद कैदियों की रिहाई के मामलो पर गौर किया गया था। सरबजीत पिछले 17 सालों से पाकिस्तान की जेल में बंद है।

रिहाई के लिए प्रार्थना : पंजाब विधानसभा में प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह से पाकिस्तान मे लाहौर की कोट लखपत जेल में बंद भारतीय नागरिक सरबजीत की रिहाई के लिए हस्तक्षेप करने के संबंध में आज प्रस्ताव पारित किए जाने के बीच भीखीविंड यहाँ के लोगों ने उसके शोक संतप्त परिजनों के साथ एकजुटता व्यक्त की। शहर और उसके आसपास के क्षेत्रों में सरबजीत की रिहाई के लिए प्रार्थना सभाएँ आयोजित की गईं।

सरबजीत के पैतृक गाँव सुरसिंह में भी लोग नम निगाहों से उसकी रिहाई के लिए मंदिरों, गुरुद्वारे और घरों में भी दुआएँ माँगते देखे गए। सरबजीत की 17 वर्षीय बेटी पूनम ने भी एक बार फिर प्रधानमंत्री से अपने पिता को रिहा कराने के लिए गुजारिश की। उसने अभी तक अपने पिता को एक बार भी नहीं देखा।

सरबजीत की पत्नी सुखप्रीत कौर भी प्रधानमंत्री से अपील करती हैं कि वे एक बार फिर पाकिस्तान सरकार के समक्ष उसके पति की रिहाई का मसला उठाएँ। हालांकि सरबजीत की बड़ी बेटी स्वप्नदीप और बहन दलबीर कौर सरबजीत की रिहाई के लिए अभी भी आस बाँध रखी है और वे इस बारे में आशान्वित भी हैं।
दुनिया उतरी सरबजीत के पक्ष में
सरबजीत मामले में कांग्रेस की अपील
सरबजीत को फाँसी मुद्‍दे का हल नहीं
और भी
महँगाई रोकने का उपाय करेंगे-चिदंबरम
संप्रग-वाम समिति की बैठक बेनतीजा
परीक्षाओं के 'राक्षसी रूप' पर असंतोष
आईटी नौकरियों में कटौती नहीं
चिदंबरम की विपक्ष को चुनौती
यूपीएससी-2007 के परिणाम घोषित