वित्तमंत्री पी. चिदंबरम ने बढ़ती महँगाई पर लगाम लगाने के लिए और वित्तीय एवं मौद्रिक उपाय करने का भरोसा दिलाया।
चिदंबरम ने राज्यसभा में आम बजट 2008-09 पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि जहाँ जरूरी हुआ वहाँ हम वित्तीय उपाय (महँगाई रोकने के लिए) करेंगे तथा भारतीय रिजर्व बैंक से मौद्रिक उपाय करने के लिए कहेंगे।
वित्तमंत्री ने कहा कि मूल्य स्थिरता बनाए रखना भारतीय रिजर्व बैंक का धर्म है तथा मुझे विश्वास है जहाँ जरूरी हुआ, वहाँ वह मुद्रास्फीति काबू में रखने के लिए आवश्यक मौद्रिक उपाय करेगा।
चिदंबरम ने अमेरिका में पैदा हुए अचल संपत्ति ऋण संकट के कारण भारत पर पड़ने वाले असर को मामूली बताया, लेकिन कहा कि एशियाई शेयर बाजारों से जुड़े होने के कारण भारतीय शेयर बाजार प्रभावित हुए हैं।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 8.7 प्रतिशत औसत आर्थिक वृद्धि दर को इस साल भी बनाए रखने में सफलता हासिल होगी।
|