भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार लालकृष्ण आडवाणी ने रविवार को कहा कि संप्रग सरकार की उलटी गिनती शुरू हो गई है।
भाजपा की 'विजय संकल्प रैली' को संबोधित करते हुए आडवाणी ने आरोप लगाया कि संप्रग के चार साल के शासनकाल में आम आदमी और किसान की स्थिति बिगड़ी है। यह पूरे देश के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने संप्रग सरकार को आतंक और महँगाई की जननी करार देते हुए दावा किया कि सरकार की उलटी गिनती आज से शुरू हो गई है। आडवाणी ने कहा राजग शासन के दौरान किसान खुशहाल था और महँगाई नियंत्रण में थी। मगर आज किसानों की हालत खराब है और महँगाई अपने चरम पर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने संसद में कहा था कि महँगाई राजग सरकार की देन है, किसानों पर कर्ज राजग शासन की देन है।
आडवाणी ने वहाँ उपस्थित जनसमूह से पूछा क्या राजग के छह साल के दौरान महँगाई इतनी बढ़ी थी। क्या राजग शासनकाल में हजारों किसानों ने आत्महत्या की थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि राजग के शासनकाल में संसद पर हमला हुआ, लेकिन मैं उनसे पूछता हूँ कि जिस घटना के दोषी को न्यायालय ने सजा दी है उसे उनकी सरकार क्यों नहीं क्रियान्वित कर रही है। पूर्व उपप्रधानमंत्री आडवाणी ने कहा कि भाजपा चुनाव के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस चुनाव से झिझक रही है और वर्तमान सरकार की साख दिन-ब-दिन गिरती जा रही है। इस मौके पर भाजपा अध्यक्ष राजनाथसिंह ने कहा कि भाजपा किसी भी कीमत पर रामसेतु को टुटने नहीं देगी। (भाषा)
|