राजद प्रमुख लालू प्रसाद और सपा प्रमुख मुलायमसिंह यादव के मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के नजदीक आने संबंधी खबरों के बीच कांगेस ने कहा है कि उसके लिए यह चिंता का विषय नहीं है और वह पूरे घटनाक्रम पर सावधानीपूर्वक नजर रख रही है। कांग्रेस महासचिव दिग्विजयसिंह ने कहा यह चिंता का विषय नहीं है। हमें क्यों चिंतित होना चाहिए। सिंह से यह पूछा गया था कि आम चुनावों से पहले हिंदी पट्टी के इन दोनों प्रमुख नेताओं की हाल की बैठक को केन्द्र में सत्तारूढ़ दल किस तरह से देखता है क्योंकि लोकसभा चुनावों से पहले इन दोनों नेताओं की नजदीकी देश में राजनीतिक समीकरण बदलने की क्षमता रखती है, केन्द्रीय मंत्री शकील अहमद ने कहा कि लालू और मुलायम जो कुछ करते हैं, यह उनका अंदरूनी मामला है और कांग्रेस का इससे कुछ लेना देना नहीं है।
हालाँकि उन्होंने साथ ही यह इच्छा जताई कि दोनों नेताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि धर्मनिरपेक्ष वोटों का बँटवारा न हो। कांग्रेस नेता शकील अहमद बिहार से आते हैं और वह पार्टी के प्रवक्ता भी हैं।
कांग्रेस में उत्तरप्रदेश मामलों के प्रभारी दिग्विजयसिंह ने भी कुछ इसी तरह की बातें की। उन्होंने कहा कि दो धर्मनिरपेक्ष दलों के नेताओं की बैठक अच्छी बात है क्योंकि वे भाजपा से मुकाबला कर सकते हैं। पिछले तकरीब एक दशक से लालू प्रसाद और मुलायमसिंह के बीच छत्तीस का आँकड़ा रहा है क्योंकि राजद प्रमुख ने यादव के हितों को नुकसान पहुँचाने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी थी।
|