अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 128 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति का मूत्राशय के कैंसर का सफल ऑपरेशन किया गया है। डॉक्टर का दावा है कि इतनी अधिक आयु में यह पहला ऑपरेशन है।
एम्स के यूरोलाजी विभाग के प्रमुख प्रो. नर्मदा पी. गुप्ता ने बताया कि उन्होंने बुधवार को स्वामी रामानंद नामक 128 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति का मूत्राशय में कैंसर का सफल ऑपरेशन किया है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि इस व्यक्ति को पिछले दो महीने से अधिक समय से मूत्र में खून आ रहा था। अल्ट्रासाउंड सहित सभी आवश्यक जाँच की गई तो पता चला कि इस व्यक्ति के मूत्राशय में कैंसर हो चुका है।
गुप्ता ने आगाह किया है कि यदि किसी व्यक्ति के मूत्र में खून आता है, तो उसे इस बात का गंभीरता से लेना चाहिए और जितनी जल्दी हो सके मूत्ररोग विशेषज्ञों को दिखाना चाहिए। ऐसी स्थिति में कैंसर भी हो सकता है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी भी व्यक्ति को पेशाब करते समय खून भी आता है तो उसे इस बात को गंभीरता से लेना चाहिए। गुप्ता ने कहा कि यह रोगी उत्तरप्रदेश के शाहजहाँपुर के पास का रहने वाला है और पूरी तरह ठीक दिखाई दे रहा है।
करीब छह सप्ताह पहले वह इस शिकायत को लेकर उनके पास आया था। तब उसने अपनी आयु 128 साल की बताई थी, लेकिन जब उसने ऑपेशन के लिए आवेदन किया तो उसमें उसने अपनी आयु 130 बताई है।
|