सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर को परेशानी में डालने वाले एक खुलासे में देश के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक ने शुक्रवार को संसद में पेश की गई रिपोर्ट में कहा कि 2005 से लेकर 2007 के बीच उत्तरी कमान के सैन्य कमांडर ने अपने वित्तीय अधिकारों का दुरुपयोग किया था।
रिपोर्ट में दक्षिण-पश्चिमी कमान और पश्चिमी कमान के सैन्य कमांडरों के खिलाफ भी वित्तीय अधिकारों के दुरुपयोग के मामलों का उल्लेख किया गया है। रिपोर्ट में 2005-06 और 2006-07 के ऑडिट का हवाला दिया गया है, जब जनरल कपूर उत्तरी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग इन चीफ थे।
जनरल कपूर ने पाँच सितंबर 2005 को उत्तरी कमान संभाली थी और वे 31 दिसंबर 2006 तक इस कमान के प्रमुख रहे। इसके बाद लेफ्टिनेंट जनरल एचएस पनाग को उत्तरी कमान का प्रमुख बनाया गया, जबकि जनरल कपूर सेना के उप प्रमुख के तौर पर सेना मुख्यालय में आ गए थे। बाद में उन्हें सेना प्रमुख नियुक्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि जनरल कपूर के एक इंटरव्यू को लेकर राज्यसभा में विपक्ष के नेता जसवंतसिंह उनकी आलोचना कर चुके हैं।
|