गीतकार, लेखक और फिल्मकार गुलजार, अभिनेता धर्मेंद्र और ऋषि कपूर को मुंबई एकेडमी ऑफ मूविंग इमेज (मामी) के दसवें अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव में सम्मानित किया गया।
आठ दिवसीय फिल्मोत्सव का समापन गुरुवार शाम हुआ, जिसमें इसी वर्ष शुरू किया गया ग्लोबल लाइफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार स्पेन के फिल्मकार कार्लोस सॉरा को दिया गया। धर्मेंद्र को भी लाइफ टाइम एचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि ऋषि कपूर को 25 वर्षों से अधिक समय से भारतीय सिनेमा को योगदान के लिए और गुलजार को भारतीय फिल्म संगीत में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। तकनीकी दक्षता के लिए दिया जाने वाला पुरस्कार साउंड रिकॉर्डिस्ट हितेंद्र घोष को दिया गया।
फिल्मोत्सव में 45 देशों की 145 फिल्मों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें 92 फिल्में ग्लोबल विजन खंड में थीं। पोलैंड के फिल्मकार आंद्रेज वाजदा और भारतीय फिल्मकार ऋत्विक घटक की फिल्मों का प्रदर्शन सिंहावलोकन खंड में किया गया। देश विशेष खंड में चीन की और फिल्मकार विशेष खंड में सॉरा की फिल्में दिखाई गईं।
फिल्मोत्सव में भारतीय फिल्म प्रतियोगिता खंड में बाल कलाकार दर्शील सफारी को 'तारे जमीन पर' के लिए श्रेष्ठ अभिनेता और स्वाति सेन को 'अंतर्द्वंद्व' के लिए श्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया।
श्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार मराठी फिल्म 'टिंग्या' को मिला जबकि लद्दाख में बनाई गई फिल्म 'फ्रोजन' को विशेष जूरी पुरस्कार दिया गया।
फिल्मोत्सव में युवाओं को फिल्म निर्माण के लिए प्रोत्साहित करने के लिए 'डाइमेंशंस मुंबई' नामक खंड शुरू किया गया था, जिसमें 25 वर्ष तक के युवाओं को मुंबई के किसी पहलू पर पाँच मिनट की फिल्म बनाने के लिए आमंत्रित किया गया।
इस प्रतियोगिता में 82 फिल्में बनीं जिनमें एस. श्रीनिवासन की फिल्म 'वापसी' को प्रथम, ऐश्वर्या एस. की फिल्म 'मुंबई हाफ मैराथन' को द्वितीय और गणेश मोरे की फिल्म 'लाइफ इन मुंबई' को तृतीय पुरस्कार दिया गया। नेहासिंह की 'हैंडफुल ऑफ स्काय' और अक्षरा प्रभाकर की फिल्म 'पत्री' को विशेष जूरी पुरस्कार दिया गया।
|