श्रीमती सोनिया गाँधी शुक्रवार को कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में 10 साल पूरे कर लेंगी। लगभग 125 साल पुरानी कांग्रेस के इतिहास में यह पहला मौका है, जब कोई पार्टी नेता इतने सालों तक उसका अध्यक्ष रहा हो।
सन 1998 में सीताराम केसरी से कमान संभालने वाली श्रीमती गाँधी का पार्टी को सबसे बड़ा योगदान यही रहा कि उन्होंने संकट के समय न केवल पार्टी को एकजुट रखा, बल्कि उसे गठबंधन के जरिये केंद्र में सत्ता तक भी पहुँचाया।
सोनिया आज हैदराबाद में- संप्रग अध्यक्ष सोनिया गाँधी शुक्रवार को एक दिन के आंध्रप्रदेश दौरे पर यहाँ पहुँचेंगी और इस दौरान वे देश के आधुनिकतम हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगी।
सोनिया पूर्वी गोदावरी जिले में राजमुंदरी जाएँगी। वे जिले में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगी। उसके बाद उनके वारंगल जाने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस अध्यक्ष यहाँ शाम को पहुँचेंगी और नगर से करीब 30 किलोमीटर दूर समशाबाद रवाना हो जाएँगी। वहाँ वे 2470 करोड़ रुपए की लागत से तैयार ग्रीनफील्ड अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगी।
|