सरकार ने बताया कि नौसेना में टोही तथा सी हैरियर विमानों की संख्या में कमी आई है।
राज्यसभा में आज रक्षा मंत्री एके एंटनी ने सुशील तिरिया के प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि समुद्री निगरानी के लिए टोही विमानों की जरूरत होती है। सी हैरियर विमान का प्रयोग बेडे की हवाई रक्षा के लिए किया जाता है। वर्तमान संदर्भ में टोही विमान की आवश्यकता बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि नौसेना में सी हैरियर और टोही विमानों की संख्या में पिछले कुछ वर्षो में कमी आई है। तथापि इस कमी को अतिरिक्त डोरनियर विमानों को शामिल करके मिग़ 29 के तथा लान्ग रेंज सामुद्रिक टोही विमानों की अधिप्राप्ति करके पूरा किया जा रहा है।
मैसर्स हिन्दुस्तान एरोनाटिक्स लिमिटेड के माध्यम से शुरू किया गया सी हैरियर विमान का सीमित उन्नयन 2009 तक पूरा होने की आशा है।
|