मुख्य पृष्ठ > खबर-संसार > समाचार > राष्ट्रीय
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
ऑस्ट्रेलिया से यूरेनियम नहीं मिला-भारत
सरकार ने साफ किया है कि ऑस्ट्रेलिया ने भारत को न तो अब तक कभी यूरेनियम आपूर्ति की है और न ही उसके द्वारा आपूर्ति बंद करने की कोई चेतावनी दी गई है।

राज्यसभा में आज प्रश्नकाल के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सुषमा स्वाराज द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या ऑस्ट्रेलिया ने भारत को यह चेतावनी दी है कि अमेरिका से परमाणु संधि करने के बाद यदि भारत परमाणु परीक्षण करता है तो वह उसे यूरेनियम की आपूर्ति बंद कर देगा।

प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री पृथ्वीराज चह्वाण ने इस सवाल के जवाब में स्पष्ट किया कि ऑस्ट्रेलिया भारत को यूरेनियम की आपूर्ति कर ही नहीं रहा, इसलिए उसके द्वारा यूरेनियम आपूर्ति बंद करने की चेतावनी का सवाल ही पैदा नहीं होता।

चह्वाण ने बताया कि वर्ष 2007 में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच इस संबंध में केवल प्रारंभिक दौर की बातचीत हुई थी।

जिसके बाद से अभी इस संबंध में कोई बातचीत नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि इस मुलाकात के दौरान दोनों पक्षों की ओर से भविष्य में बैठक करने की बात कही गई थी। इसलिए इस पर चेतावनी का प्रश्न ही कहाँ पैदा होता है।

इस संबंध में भाजपा के ही अरुण शौरी ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने भारत द्वारा परमाणु परीक्षण करने पर यूरेनियम की आपूर्ति बंद करने के बारे में बाकायदा एक वक्तव्य भी दिया था।

उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया चीन को यूरेनियम की आपूर्ति करता है यह सर्वविदित है। शौरी ने कहा कि वस्तुस्थिति यह है कि ये यूरेनियम आपूर्ति करने वाले देश एक कार्टल बनाकर काम रहे हैं जिससे परेशानियाँ बढ़ सकती हैं।

चह्वाण ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि भारत परमाणु आपूर्तिकर्त्ता समूह (एनएसजी) के साथ इस आशय की कोशिश कर रहा है कि उस पर लगे प्रतिबंध हटाए जाएँ। उन्होंने कहा कि भारत दिशानिर्देशों में परिवर्तन के लिए एनएसजी के साथ संपर्क में है।
और भी
बेहतर खेल नीति से मिलेगा स्वर्ण
सालाना आयोजन नहीं है ऋण माफी-पवार
भारत और बांग्लादेश के बीच वीजा समाप्त हो
शाहरुख खान दूसरे नंबर पर-आमिर
सेना में 13924 अधिकारियों की कमी
देश में 32 आतंकवादी संगठन सक्रिय