केंद्रीय कृषि मंत्री शरद पवार ने कहा है कि आम बजट में 60 हजार करोड़ रुपए के कृषि ऋणों को माफ करने की घोषणा एक बार उठाया जाने वाला कदम है और किसानों को अब ऋणों को समय पर चुकाने को अपनी आदत में शामिल कर लेना चाहिए।
उन्होंने यहाँ एक समारोह में इस बात पर अप्रसन्नता जाहिर की कि ऋण माफी के बारे में लोगों को दिग्भ्रमित करने वाली जानकारी दी जा रही है। पवार ने कहा कि जो जनप्रतिनिधि सभी किसानों को ऋणों का भुगतान नहीं करने के लिए कह रहे हैं वे गैर जिम्मेदाराना व्यवहार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ऋण माफी पैकेज की घोषणा का मतलब यह नहीं कि यह हर साल होगी। किसानों को बताया जाना चाहिए कि यह कोई सालाना आयोजन नहीं है।
|