केंद्रीय जाँच ब्यूरो ने उच्चतम न्यायालय के समक्ष उन आरोपों का खंडन किया है जिनमें कहा गया था कि एजेंसी निठारी कांड के मुख्य आरोपी मोनिंदरसिंह पंढेर का बचाव कर रही है।
एक पीड़ित की माँ द्वारा दाखिल याचिका के जवाब में जाँच एजेंसी ने अपने जवाबी हलफनामे में कहा एक पीड़ित की माँ ने सीबीआई के निदेशक और वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध झूठे और आधारहीन आरोप लगाए हैं। यह आरोप अपमानजनक हैं और इन्हें स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।
सीबीआई ने यह जवाब वंदना सरकार की याचिका पर दिया है जिसकी बेटी निठारी कांड की शिकार बनी। उसने आरोप लगाया है कि एजेंसी पंढेर को बचाने की कोशिश कर रही है।
वंदना की बेटी पिंकी के साथ कथित तौर पर पंढेर और उसके नौकर सुरिन्दर कोली ने बलात्कार किया तथा उसकी हत्या कर दी थी। उसने न्यायालय में आरोप लगाया है कि दोषी को सजा से बचाने के लिए कथित तौर पर उसके पति जतिन सरकार की हत्या कर दी गई।
उल्लेखनीय है कि याचिकाकर्ता के पति को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक सितंबर 2007 को रहस्यमयी स्थितियों में मृत पाया गया था।
|