सरकार ने मंगलवार को स्वीकार किया कि देश व्यावसायिक पायलटों की कमी से जूझ रहा है इसलिए एयर इंडिया सहित विभिन्न निजी विमान सेवाएँ विदेशी पायलटों की सेवा ले रही है। नागर विमानन राज्यमंत्री प्रफुल्ल पटेल ने वरिन्दरसिंह बाजवा के सवाल के लिखित जवाब में आज राज्यसभा को यह जानकारी दी। पटेल ने कहा कि पायलटों की माँग तथा उपलब्धता में अंतर को खत्म करने के लिए विभिन्न विमानन कंपनियों द्वारा विदेशी पायलटों को लगाया गया है। उन्होंने कहा कि पायलटों की संख्या में वृद्धि के लिए गोंदिया महाराष्ट्र में एक विश्वस्तरीय उड़ान प्रशिक्षण संस्थान स्थापित करने का फैसला किया गया है। इसके अलावा प्रति वर्ष 40 से 100 पायलट प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने के लिए इंदिरा गाँधी राष्ट्रीय उड़ान अकादमी की मौजूदा प्रशिक्षण आधारभूत सुविधाओं के आधुनिकीकरण करने का निश्चय किया है।
|