राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने केरल में माकपा कार्यकर्ताओं द्वारा संघ और भाजपा के कुछ कार्यकर्ताओं पर किए गए जानलेवा हमले की कड़ी निन्दा करते हुए कहा कि माकपा के अलोकतांत्रिक और फासिस्ट तरीकों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा इसका कड़ा मुकाबला किया जाएगा।
आरएसएस के कार्यकारी मंडल के वरिष्ठ सदस्य राम माधव ने रविवार को कहा कि पिछले सप्ताह केरल में संघ के पाँच कार्यकर्ताओं की नृशंस हत्या कर दी गई तथा 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और 200 से अधिक मकानों में तोड़फोड़ की गई।
उन्होंने कहा कि केरल में संघ तथा कुछ राष्ट्रवादी ताकतों के बढ़ते प्रभाव के कारण माकपा ने राज्य सरकार के परोक्ष समर्थन से संघ कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले किए हैं। माधव ने कहा कि संघ माकपा की अलोकतांत्रिक और फासिस्ट कारवाई का कड़ा जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि केरल में पिछले कुछ वर्षों से माकपा ने संघ के कार्यकर्ताओं पर हिंसक कार्रवाई का सिलसिला शुरू कर दिया है और अगले सप्ताह 14 से 16 मार्च तक उत्तर प्रदेश में वृंदावन में आयोजित संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल प्रतिनिधिसभा की बैठक में इस पर विचार विमर्श किया जाएगा तथा इसका जवाब देने की रणनीति तय की जाएगी।
माधव ने कहा कि केरल में शांति की बहाली के लिए वहाँ की राज्य सरकार अपनी ओर से कोई प्रयास करेगी तो संघ सहयोग दे सकता है, लेकिन संघ माकपा से कोई बातचीत नहीं करेगा क्योंकि अब तक का संघ का पिछला अनुभव इसके ठीक विपरीत है क्योंकि माकपा शांति प्रयासों में विश्वास ही नहीं करता है। उन्होने कहा कि संघ माकपा के आतंक के सामने कभी झुकनेवाला नहीं है और उसका कड़ा प्रतिरोध करेगा।
|