उत्तरी ग्रिड के फेल होने के कारण रविवार को फिर दिल्ली और इलाहाबाद के बीच रेलसेवा बुरी तरह से प्रभावित हुई। बिजली नहीं मिलने के कारण जहाँ-तहाँ रुकी गाड़ियाँ छह से 10 घंटे तक की देरी से यहाँ पहुँच रही हैं। इस कारण उत्तर रेलवे ने 17 गाड़ियों की रवानगी का समय बदल दिया है।
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने बताया कि इलाहाबाद-टूंडला-दादरी मार्ग पर तड़के चार बजे के बाद विद्युत आपूर्ति में बाधा आ गई, जो दिन में 11 बजे के आसपास बहाल किया जा सका। आपूर्ति में बाधा का कारण ग्रिड फेल होना बताया गया है।
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी तड़के चार बजे से दिन के 10 बजे तक ग्रिड फेल हो गया था, जिससे उत्तर भारत में रेल के पहिए थम गए थे।
रेलवे के मुताबिक 10 बजे के बाद जब विद्युत आपूर्ति बहाल हुई तो दादरी से टूंडला के बीच हावड़ा राजधानी, सियालदह राजधानी, पटना राजधानी, विक्रमशिला एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, जन साधारण एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस समेत दर्जनों गाड़ियाँ फँसी थीं, जो दोपहर बाद तक दिल्ली पहुँची। इस कारण ये गाड़ियाँ समय से नई दिल्ली से रवाना नहीं हो सकीं।
पाँच से आठ घंटे की देरी से चलने के कारण रेलवे ने हावड़ा राजधानी, सियालदह राजधानी, पटना राजधानी, विक्रमशिला एक्सप्रेस, बिहार संपर्क क्रांति एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, नई दिल्ली-हावड़ा पूर्वा एक्सप्रेस, बांद्रा गरीब रथ एक्सप्रेस समेत 17 गाड़ियाँ देरी से रवाना होंगी।
|