चीन की ओर से सीमा के अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर राज्यसभा में विपक्ष के नेता जसवंतसिंह ने बुधवार को सेना प्रमुख जनरल दीपक कपूर की कड़ी आलोचना की और उन पर अपने 'अधिकारों की सीमा लाँघने' का आरोप लगाया।
विपक्ष के नेता ने ब्रह्मपुत्र नदी पर चीन में बाँध बनाने के प्रस्ताव का भी मुद्दा उठाया और सरकार से जानना चाहा कि उसने इस बारे में चीन के सामने क्या रुख अपनाया है।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव के माध्यम से हुई चर्चा के दौरान सिंह ने कहा कि सेना प्रमुख ने चीनी सेना के सीमा के अतिक्रमण को वास्तविक नियंत्रण रेखा के बारे में दोनों देशों की सोच के फर्क का नतीजा करार दिया है, लेकिन सेना प्रमुख को यह पता होना चाहिए की सीमा सोच से नहीं बल्कि निर्धारण से बनती है।
उन्होंने हैरानी जताई कि सेना प्रमुख को दो देशों की सोच के बारे में बोलने का अख्तियार किसने दिया। उन्होंने कहा कि जनरल कपूर बेहद गैर जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए पाकिस्तान से लेकर चीन, श्रीलंका और बांग्लादेश तक के बारे में विदेश नीति से जुड़े सवालों पर धड़ल्ले से बोल रहे हैं।
उन्होंने कहा- मैं भी सेना में रहा हूँ और आज तक के राजनीतिक जीवन में मैंने किसी सेना प्रमुख के बारे में कोई टिप्पणी नहीं की, लेकिन जनरल कपूर के बयान ऐसे हैं जिन पर मुझे बोलना पड़ा।
|